भोपाल | न्यूज़ मोहल्ला
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के थाना तलैया क्षेत्र में देर रात तक खुली रहने वाली दुकानों और गलियों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है।
थाने आसपास के इलाकों में कथित तौर पर दुकानों की आड़ में अवैध कारोबार संचालित होने की चर्चाएं लगातार सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ स्थानों पर देर रात तक जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों के संचालन की बातें सामने आती रही हैं। इसके अलावा, क्षेत्र में शराब की दुकान के माध्यम से खिड़की से शराब बिक्री होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। वहीं, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार को लेकर भी समय-समय पर खबरें सामने आती रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन गतिविधियों की सूचना संबंधित अधिकारियों तक कई बार पहुंचने के बावजूद ठोस कार्रवाई का अभाव नजर आता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि चौकी के आसपास भी कुछ गुमटियों में संदिग्ध वस्तुओं की बिक्री खुलेआम होती दिखाई देती है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रात्रि गश्त और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद यदि इस तरह की गतिविधियां जारी रहती हैं, तो यह स्वाभाविक है कि आमजन के मन में सवाल उठें। लोगों का कहना है कि जब आम नागरिकों को इन गतिविधियों की जानकारी है, तो संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारियों को इससे अनभिज्ञ कैसे माना जा सकता है।
हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर किसी भी प्रकार की पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन लगातार उठ रही शिकायतें और क्षेत्रीय स्तर पर मिल रही सूचनाएं जांच की आवश्यकता को जरूर दर्शाती हैं।
जरूरत है निष्पक्ष जांच की
ऐसे मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच बेहद जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि कहीं कोई लापरवाही या मिलीभगत है तो उस पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इससे न केवल कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आम जनता का विश्वास भी कायम रहेगा।
(नोट: यह खबर स्थानीय लोगों से प्राप्त सूचनाओं और चर्चाओं पर आधारित है। संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)