भोपाल | न्यूज़ मोहल्ला
भोपाल स्थित निर्भया महिला आश्रय गृह में आज खुशी और भावनाओं से भरा एक खास पल देखने को मिला, जब यहां रहने वाली बेटी पूजा राजपाली के विवाह से पहले हल्दी समारोह बड़े ही स्नेह और पारिवारिक माहौल में मनाया गया।
इस अवसर पर पूरा आश्रय गृह एक परिवार की तरह एकजुट नजर आया। हल्दी की रस्म के दौरान हर चेहरे पर मुस्कान थी और माहौल में अपनापन साफ झलक रहा था। यह सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि एक बेटी की नई जिंदगी की शुरुआत का उत्सव बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत साईं बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई, जहां आश्रय गृह की सभी बहनों ने पूजा के सुखद और उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह में कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। इस दौरान कर्नल वी.पी. सिंह, शाहीन आरिफ मुमताज़, रश्मि व्यास, मुब्सिरा मसूद और गुलशाद बेगम सहित अन्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बेटी को आशीर्वाद दिया।
इसके अलावा निर्भया फाउंडेशन से जुड़े शेर अफ़ज़ल खाँ, समर खान और मसूद रहमान ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा के नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह आयोजन न सिर्फ एक बेटी के विवाह की खुशी थी, बल्कि यह संदेश भी देता है कि अपनापन और साथ हो तो हर मुश्किल आसान हो जाती है, और हर बेटी को एक परिवार मिल सकता है।