विदिशा। न्यूज़ मोहल्ला वेलफेयर फाउंडेशन ने समाजसेवा और रोजगार के क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को जिला स्तर तक विस्तार देते हुए विदिशा जिला स्तरीय उपसमिति का गठन किया है। समिति विदिशा जिले के विभिन्न ब्लॉक, तहसील एवं ग्राम पंचायतों में फाउंडेशन के नियमों के तहत समाजसेवा और रोजगार से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाएगी। समिति का कार्यकाल 3 अक्टूबर 2026 से 2 अक्टूबर 2029 तक रहेगा। फाउंडेशन के आदेश के अनुसार समिति को अपने कार्यों की जानकारी नियमित रूप से फाउंडेशन को देना भी आवश्यक होगा।

इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

विदिशा जिला स्तरीय उपसमिति में आज़म अली खान को जिला अध्यक्ष, मोहम्मद फैसल खान को जिला उपाध्यक्ष, नोमान अली खान को जिला सचिव, शाकिब खान को जिला संयुक्त सचिव और अयान अली को जिला सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भोपाल के बाद विदिशा में रोजगार और हुनर पर जोर

फाउंडेशन के सचिव फैजुद्दीन खान ने बताया कि विदिशा में समिति का गठन केवल संगठन के विस्तार के लिए नहीं किया गया है, बल्कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद और बेरोजगार लोगों को हुनर, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

फैजुद्दीन खान के अनुसार, भोपाल में न्यूज़ मोहल्ला वेलफेयर फाउंडेशन पिछले 8 महीनों से रोजगार के क्षेत्र में काम कर रहा है और करीब 80 इमाम एवं मुअज्ज़िन को रोजगार से जोड़ने में सफलता मिली है। अब इसी पहल को विदिशा सहित अन्य जिलों और आगे अलग-अलग प्रदेशों तक पहुंचाने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अलग-अलग क्षेत्रों में ऐसी समितियों का गठन किया जाएगा, जो इमाम, मुअज्ज़िन, मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों और मदरसे से पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के भविष्य के लिए काम करेंगी।

दीन के साथ हुनर और रोजगार भी

फैजुद्दीन खान ने कहा कि मदरसे से पढ़ने वाले और पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं को धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक हुनर और तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। इससे वे अपनी धार्मिक जिम्मेदारियों के साथ अपने परिवार के लिए सम्मानजनक आमदनी का जरिया भी बना सकेंगे।

फाउंडेशन का प्रयास रहेगा कि लोगों की रुचि और क्षमता के अनुसार उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाए। जो लोग अपना रोजगार या छोटा व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, उन्हें मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम

फैजुद्दीन खान ने कहा कि समाज में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो काम करना चाहते हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर नहीं मिलने के कारण बेरोजगार हैं। जिला स्तरीय समितियां ऐसे लोगों तक पहुंचकर उनकी जरूरत को समझेंगी और उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम करेंगी।

उन्होंने कहा कि रोजगार केवल व्यक्ति की आमदनी का जरिया नहीं, बल्कि पूरे परिवार को मजबूत बनाने का माध्यम है। रोजगार मिलने से व्यक्ति अपने परिवार को बेहतर तरीके से चला सकेगा और बच्चों को अच्छी शिक्षा व बेहतर तालीम दिला सकेगा।

“हर समाज का इंसान आगे बढ़े”

फैजुद्दीन खान ने कहा कि फाउंडेशन की यह मुहिम किसी एक समाज तक सीमित नहीं है। उद्देश्य है कि हर समाज और हर वर्ग के जरूरतमंद लोगों को आगे बढ़ने का अवसर मिले और वे आत्मनिर्भर बनें।

उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को समय पर शिक्षा, हुनर और रोजगार का अवसर मिले तो उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। “हम चाहते हैं कि हमारा समाज हो या कोई भी समाज, हर व्यक्ति आगे बढ़े। बेरोजगारी खत्म हो और लोगों को सम्मान के साथ रोजगार मिले। आज किसी व्यक्ति को रोजगार से जोड़ना सिर्फ एक परिवार की मदद करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाना है।”

आने वाली नस्लों के बेहतर भविष्य की पहल

न्यूज़ मोहल्ला वेलफेयर फाउंडेशन का प्रयास है कि शिक्षा के साथ हुनर और हुनर के साथ रोजगार को जोड़ा जाए। विदिशा में जिला स्तरीय समिति के गठन के बाद स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उन्हें समाजसेवा, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

फाउंडेशन का मानना है कि आज किसी एक व्यक्ति को रोजगार से जोड़ना भविष्य की एक मजबूत नींव तैयार करना है। इसी सोच के साथ इस मुहिम को अलग-अलग जिलों और प्रदेशों तक ले जाने की तैयारी की जा रही है।

“हुनर बढ़ेगा, रोजगार बढ़ेगा, युवा आगे बढ़ेंगे—पढ़ेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया।”